मैं वायुसेना के जावांज सैनिकों के पराक्रम को सलाम करती हूँ - शीला दीक्षित

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने रोहिणी जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में देश की वायुसेना के जाबांज सैनिकों के पराक्रम को सलाम करते हुए कहा कि हमारे सैनिकों ने पाकिस्तान स्थित आतंकियों के कैम्पों को नेस्तनाबूद करके हम सब देशवासियों को गौरवान्वित किया है। हमें फख्र है अपनी सेना के शौर्य और पराक्रम पर। कार्यकत्र्ताओं ने सम्मेलन में “भारतीय सेना जिन्दाबाद” के नारे लगाये।


शीला दीक्षित रोहिणी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इन्दरजीत सिंह द्वारा आयोजित सम्मेलन में भारी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थी। सम्मेलन में कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव, हारून युसुफ और राजेश लिलौथिया, पूर्व विधायक राजकुमार चैहान, जय किशन, जसवंत राना व चरन सिंह कंदेरा तथा पूर्व निगम पार्षद अजीत यादव व दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव सहित आम क्षेत्रवासी भी उपस्थिति थे।


आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली के आउटकम बजट पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने केजरीवाल सरकार की बचकानी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि काश दिल्ली सरकार इस वर्ष का बजट पेश करने से पहले अपने पिछले साल के बजट के प्रावधानों का विश्लेषण करके यह तो जानने का प्रयास करती कि पिछली बार की घोषणाओं पर कुछ अमल भी हुआ है या नहीं। दिल्ली के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, दिल्लीवासी अपने आपको भाजपा और आम आदमी पार्टी के अह्म के झगड़ों में फंसा महसूस कर रहे हैं, सरकार केंद्र की हो या राज्य की-हर मोर्चे पर फेल हो रही है। पर्यावरण हो या बेरोजगारी, सीलींग की मार से चैपट व्यापार और बदहाल व्यापारी, शिक्षा क्षेत्र में फैली अव्यवस्था से त्रस्त अभिभावक और खतरनाक स्तर पर पहुंची कानून-व्यवस्था ने दिल्ली की जनता को नारकीय जीवन जीने पर मजबूत कर दिया है।


शीला दीक्षित ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार पिछड़ती दिल्ली हर रोज किसी नई बीमारी से ग्रसित होती रहती है। डाक्टर्स और अस्पतालों की दयनीय स्थिति दिल्लीवासियों को महंगे प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने को मजबूर करती हैं। हमारे पन्द्रह वर्षों के शासन काल में हरी-भरी स्वस्थ्य दिल्ली में अब जगह-जगह कूड़े और गन्दगी के ढे़र सड़ते नजर आते हैं। दिल्ली की सड़कें परमानैन्ट गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं जिसके कारण रोज सड़क दुर्घटनाओं में मासूम लोग मारे जाते हैं मगर सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। भाजपा की केन्द्र सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों की परेशानियों से गाफिल रोज नई नौटंकिया और नारे गढ़ने में मशगूल हैं।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अव्यवहारिक दावों और झूठे वादों वाली विज्ञापनी केजरीवाल सरकार से त्रस्त दिल्लीवासी अब आम आदमी पार्टी के भ्रमजाल की हकीकत पहचान चुकी है और भाजपा की सम्प्रदायिक राजनीति में भी दिल्ली की आप जनता फंसना नहीं चाहती। दिल्ली की जनता अमन, चैन और शान्ति के लिए कांग्रेस की ओर देख रही है। हम सबका, पार्टीजन का फर्ज बनता है कि अपनी पार्टी की नीतियों और सर्वहितकारी सोच तथा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के विचारों को दिल्ली के जन-जन तक पहुंचायें, जनता का विश्वास पुनः प्राप्त करें और आने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करते हुए कांग्रेस के प्रत्याशियों को भारी बहूमत से विजयी करवाने में अपना भरपूर योगदान प्रदान करें।


शीला दीक्षित ने जोर देकर कहा कि बर्बाद होती दिल्ली की शान वापस लौटा कर लाने के लिए कांग्रेस का दिल्ली में मजबूती से आना आवश्यक है और उसके लिए हम सबको एकता और एकजुटता के साथ, कन्धे से कन्धा मिलाकर, दिल्लीवासियों की सेवा में अग्रसर रहते हुए, भाजपा और “आप पार्टी” सरीखी स्वार्थी पार्टियों को जनता के बीच बेनकाब करके, कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करनी होगी। हम सब मिलकर यह कार्य करने में सक्षम हैं।