आज दिल्ली अपनी बदहाल हालत पर आंसू बहा रही है - शीला दीक्षित

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने बाबरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत नेतृत्व है और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए शीला दीक्षित ने कहा कि सर्वप्रथम हम अपने देश की सैनाओं के शौर्य और पराक्रम पर गर्व महसूस करते हुए सराहना करते है, जिसका लोहा आज विश्व मान रहा है। हमारी वायुसेना के जाबांज पायलेट अभिनन्दन की हिम्मत और दिलेरी ने देश की आन बान और शान को नई उॅचाईयों पर स्थापित किया है।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए शीला दीक्षित ने कहा कि आज कांग्रेस पर दिल्ली को बचाने और बनाने की भारी जिम्मेवारी है। हमने अपने 15 वर्ष के शासन काल में मिलजुल कर दिल्ली को एक विश्व स्तरीय शहर बनाया था, मगर पिछले चार साल से आम आदमी पार्टी के शासन काल में दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को दयनीय स्थिति में पहुचा दिया और दिल्ली अपनी बदहाल हालत पर आंसू बहा रही है। बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल केवल जनता से वसूले गए टैक्स का पैसा अपने स्वयं के प्रचार एवं स्वार्थ सिद्धि के लिए अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन एवं सड़कों पर कियोस्क और होर्डिंग लगाकर बेदर्दी से खर्च कर रहे है। दिल्ली की दीवारों पर लाखों पोस्टर चिपका कर दिल्ली को लगातार बदसूरत बनाने में कोई कसर नही छोड़ी जा रही है जबकि दिल्ली में विकास की गति पूरी तरह से रुकी हुई है और उस तरफ दिल्ली सरकार तथा भाजपा की केन्द्र सरकार कोई ध्यान नही दे रही है।
शीला दीक्षित ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार लगता है कि दिल्ली की तरफ से आंख मूंदकर बैठी है और केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार आपस में नूरा कुश्ती लड़ते हुए एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप जड़ने में ही व्यस्त रहते है। कितनी हैरानी की बात है कि आज जब पूरा देश अपनी सशस्त्र सेनाओं के साथ खड़ा है और उनके पराक्रम पर गर्व महसूस कर रहा है तब भाजपा सरकार ही नही देश के प्रधानमंत्री भी इस स्थिति का राजनीतिकरण करने में लगे है। पुलवामा हो या पाकिस्तान स्थित आतंकियों के स्थानों को नेस्तनाबूत करने की बात हो, भाजपा इसमें भी कांग्रेस को कोसने के मौके तलाश कर रही है। शहीदों को श्रद्धाजंलि देते हुए या फिर सेनाओं के कौशल बल का बखान करते हुए भी हमारे प्रधानमंत्री के जहन में केवल कांग्रेस को नीचा दिखाने की प्रवृति साफ दिखाई देती है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की साफ सोच है कि देश की अस्मिता के सवाल पर कोई राजनीति नही होनी चाहिए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी पी.सी. चाको ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था चैपट कर दी। आज देश का नौजवान रोटी, रोजी के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहा है। बेरोजगारी चरम पर पहुच गई है, किसान मजदूर सब परेशान है। इसलिए आने वाले चुनाव भाजपा को हराने का चुनाव है। देश को पूंजीपतियों के चंगुल से निकालना है तो भाजपा को हराना होगा। उन्होंने सभी ब्लाक अध्यक्षों से बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने की अपील की । बूथ लेवल का कार्यकर्ता कांग्रेस रीढ़ है, हमें उसकी ओर ज्यादा ध्यान देना होगा।