उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक बार फिर लोगों को लैंडफिल साइट बनने का डर सताने लगा है

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक बार फिर लोगों को लैंडफिल साइट बनने का डर सताने लगा है। दरअसल डीडीए ने ईडीएमसी को लैंडफिल साइट बनाने के लिए जमीन आवंटित की है, जिसके बाद इसके विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़क पर आ गए हैं। मंगलवार शाम उत्तर पूर्वी दिल्ली के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गांवड़ी इलाके में चक्का जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया।

42.5 एकड़ का यह प्लॉट एमसीडी को लीज पर दिया गया है, जिसके लिए अथॉरिटी ने कुछ शर्तें भी तय की हैं। अब इसके बाद उत्तर पूर्वी दिल्ली के लोगों  ऐसा डर है कि अगर उनके इलाके में लैंडफिल साइट बन गई तो उनकी जिंदगी नर्क हो जाएगी। डीडीए के इस आवंटन के बाद कांग्रेस ने गोंडा गुजरान गांव के पास पांचवे पुस्ते गांवड़ी पर मंगलवार शाम चक्का जाम किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का साफ कहना है कि अगर गोंडा गुजरान में लैंडफिल साइट बनाई गई तो उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता को आने वाले समय में बीमारियों से मरना पड़ेगा। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर काफी लंबे समय तक भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और इस लैंडफिल साइट के खिलाफ सड़क के बीचो-बीच धरने पर बैठ गए।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम करीब 1 घंटे तक चक्का जाम किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस की पूर्व निगम पार्षद रेखा रानी ने कहा कि यह हमारा आज का केवल सांकेतिक धरना है। अगर इस लैंडफिल साइट को बनने से ना रोका गया तो आने वाले समय में यमुना पार के सभी लोग एकजुट होंगे और पूरी दिल्ली को चक्का जाम कर देंगे। रेखा रानी ने यह भी कहा कि अगर इस लैंडफिल साइट के लैंड के आवंटन को रद्द नहीं किया गया तो हम इसके खिलाफ आमरण अनशन भी करेंगे। तंज कसते हुए रेखा रानी ने कहा की सुना है कि मनोज तिवारी एलिवेटेड सड़क बनाने वाले हैं और हमारे जमुनापार में सिग्नेचर ब्रिज भी अब क्या  एलिवेटेड हाईवे और सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर चढ़कर विदेशी कूड़े का पहाड़ देखने आएंगे।

जाहिर है एक बार फिर उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोंडा गुजरान में लैंडफिल साइट बनने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है लेकिन इतना साफ है कि अगर उत्तर पूर्वी दिल्ली के घोंडा गुजरान में लैंडफिल साइट बनती है तो उत्तर पूर्वी दिल्ली के निवासी आने वाले समय में नर्क भोगने को तैयार रहें और बीमारियों का इलाज करवाने के लिए हेल्थ इंश्योरेंस तो जरूर ही करवा लें। आने वाले समय में आप की जिंदगी कैसे होने वाली है अगर यह अभी से देखना चाहते हैं तो गाजीपुर लैंडफिल साइट का विजिट एक बार जरूर कर लें।