भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर करारा हमला किया

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला करते हुए कहा कि उनकी नागरिकता संदिग्ध है और वह स्पष्ट करें कि वह भारतीय नागरिक हैं या ब्रिटिश। पात्रा ने कहा कि गृह मंत्रालय ने उन्हें नोटिस जारी किया है और इसलिए भी यह जरूरी है कि वह स्पष्टीकरण दें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी की नागरिकता पर प्रश्न अभी भी उठाये जा रहे हैं। यह एक गंभीर मामला है और इससे काफी भ्रम पैदा हो रहा है और इसलिए उन्हें इसका सामने आकर स्पष्ट उत्तर देना चाहिए।
पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं और अब उनसे गृह मंत्रालय ने उनकी नागरिकता पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कई दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि ये सत्यापित दस्तावेज हैं और उन पर राहुल गांधी के हस्ताक्षऱ भी हैं। इनसे प्रतीत होता है कि राहुल गांधी के पास ब्रिटिश नागरिकता भी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर तो वह फर्जी कागजों के आधार पर निर्लज्जता से भाजपा पर आक्रमण करते हैं तो दूसरी ओर अपनी नागरिकता पर चुप्पी साधे रखते हैं।
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राहुल भ्रम का पर्यायवाची हैं और उन्होंने अपने इर्द-गिर्द भ्रम का एक जाल फैला रखा है, वह कहां जाते हैं, किससे मिलते हैं, किन-किन कंपनियों में उन्होंने निवेश किया, उनकी शाक्षणिक योग्यता क्या है, यह सभी एक रहस्य है।
पात्रा ने ब्रिटिश कंपनी बैकऑप्स द्वारा लंदन के कंपनी रजिस्ट्रार के कार्यालय में दाखिल दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि जब यह कंपनी लंदन में रजिस्टर्ड हुई तो भी राहुल गांधी ने अपनी नागरिकता ब्रिटिश दिखाई और जब कंपनी को समाप्त कर दिया गया तो उन दस्तावेज में भी उनकी नागरिकता ब्रिटिश दिखाई गई। उन सभी पर उनके हस्ताक्षर भी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उस कंपनी के मालिक थे और उसके 85 प्रतिशत पर उनका मालिकाना हक था। उन्होंने 2005 में ब्रिटेन की सरकार को टैक्स भी दिया था।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी यह जानना चाहती है कि क्या राहुल गांधी पसंदगी से अंग्रेज हैं और विवशता से भारतीय? यह एक गंभीर विषय है और राहुल गांधी को स्वयं इसका खंडन करना चाहिए। श्री पात्रा ने कहा कि हालत यह है कि पार्टी के कार्यकर्ता ही उनसे नागरिकता के प्रश्न पर जवाब मांग रहे हैं और उन्हें इसका जवाब दे देना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इस साल जनवरी में इस मामले को गृह मंत्रालय को भेजा था। भाजपा सांसदों सुब्रमण्यम स्वामी और महेश गिरी ने भी इस बारे में शिकायत की थी। अब उच्च् न्यायालय ने भी गृह मंत्रालय को निर्देश दिया है।
पात्रा ने कहा कि हमारे देश में दोहरी नागरिकता नहीं हो सकती है। यह एक अपराध है और इसकी सफाई उन्हें खुद सामने आकर देना होगा।