शीला दीक्षित ने दिल्ली के व्यापारियों से कांग्रेस के समर्थन में वोट की अपील की

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने दिल्ली के व्यापारियों से अपील की कि वह 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए कांग्रेस के समर्थन में वोट दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केन्द्र में सरकार बनाऐगी और उसके बाद अगले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त करके दिल्ली में भी कांग्रेस की सरकार बनाऐंगे, और व्यापारियों की समस्याओं का हल निकालकर उन्हें व्यापार करने लिए आसान रास्ता मुहैया कराया जाएगा, जिस प्रकार कांग्रेस की 15 वर्षो की सरकार में सुविधाए प्राप्त थी, वह सुविधाएं उन्हें फिर से दी जाऐंगी। 

दिल्ली स्टेट ट्रेडर्स कांग्रेस के कन्वीनर अजय अरोड़ा के नेतृत्व में दिल्ली के सैंकड़ों व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित से कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में किया गया। 

शीला दीक्षित ने व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नही है, कांग्रेस सभी की पार्टी है, कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी ने कांग्रेस घोषणा पत्र में व्यापारियों की परेशानी को समझते हुए जीएसटी का सरलीकरण करने की बात कही है। कांग्रेस की इस घोषणा से व्यापारियों में उत्साह है और कांग्रेस की सरकार बनी तो उन्हें अपना व्यापार करने के लिए जीएसटी कम से कम दर और सीमित रुप से देना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सीलिंग से भी व्यापारी परेशान हैं लेकिन आम आदमी पार्टी व भाजपा ने सीलिंग से राहत देने के लिए कोई रास्ता नही निकाल रही।

शीला दीक्षित ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने जीएसटी के उस प्रारुप को लागू नही किया जो कांग्रेस की यूपीए सरकार ने तैयार किया था। मोदी सरकार ने जीएसटी के कांग्रेस सरकार के प्रारुप में बदलाव करके उसको 28 प्रतिशत तक जीएसटी की दरें तय करके लागू की। केन्द्र में कांग्रेस की राहुल गांधी जी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद जीएसटी कानून में बदलाव करके सभी वस्तुओं एवं सेवाओं पर जीएसटी की दर कम की जाएगी, जो एक समान, सीमित और आदर्श मापदंड के अनुसार होगी। 

शीला दीक्षित ने कहा कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 2019 के चुनावों में जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस की केन्द्र राज्य सरकारों को प्रोत्साहित करेगी कि वे राज्य वित्त निगमों को पुर्नजीवित करें ताकि यह संस्थान व्यापारियों की आर्थिक सहायता करने में सक्षम बने। 

पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार मंगत राम सिंघल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी द्वारा घोषणा पत्र में छोटे व्यापारियों की मदद करने की बात से व्यापारी वर्ग में भरपूर उत्साह है और वह कांग्रेस पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देगा। उन्होंने कहा कि 2019 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद छोटे दुकानदारों, उद्यमियों के लिए जो आसान ऋण देने की योजना के तहत राज्य सरकारों छोटे-छोटे बैंक बनाने की बात जो कही है उससे छोटे और मंजले व्यापारियों को अत्यधिक मदद मिलेगी।

अजय अरोड़ा ने कहा कि दिल्ली का पूरा व्यापारी वर्ग कांग्रेस पार्टी के साथ है और व्यापारियों को मोदी सरकार की व्यापार विरोधी नीतियों के कारण जो नुकसान उठाना पड़ा है उससे व्यापारी वर्ग वर्तमान सरकार से निराश है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में व्यापरी वर्ग सीलिंग से बहुत परेशान है, हमें सीलिंग से भी छुटकारा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली का व्यापारी वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है और लोकसभा चुनावों में अपना पूर्ण समर्थन कांग्रेस पार्टी को देगा। 

सभा में शीला दीक्षित के अलावा मंगतराम सिंघल, रमाकांत गोस्वामी, व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली स्टेट ट्रेडर्स कांग्रेस के कन्वीनर अजय अरोड़ा के साथ राकेश यादव, अध्यक्ष फेडरेशन ऑफ सदर बाजार, पंकज शर्मा, अध्यक्ष दिल्ली लाजपत राय घड़ी मार्केट, विजय सेठी, अध्यक्ष फोटो मार्किट चॉदनी चौक, मंदीप सिंह कोहली, अध्यक्ष लाजपत नगर अमर कॉलोनी, अशोक सेठ, अध्यक्ष ईस्ट दिल्ली ज्वैलर्स मार्किट एसोसिऐशन, सुधीर जैन, अध्यक्ष दिल्ली स्टील मार्किट, राजेश बत्रा, अध्यक्ष साईकिल मार्किट चॉदनी चौक, टोनी सब्बरवाल, अध्यक्ष कृष्णा नगर ट्रेडर्स ऐसोसिऐशन तथा दिल्ली की सभी व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिधि भी उपस्थित थे।