11 राज्यों की 59 सीटों पर 62.27 प्रतिशत वोटिंग

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


2019 के लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। छठे चरण में जिन लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए, उनमें यूपी की सबसे ज्यादा 14 लोकसभा सीटें शामिल थीं, इसके अलावा छठे चरण में हरियाणा की 10 सीटें, देश की राजधानी दिल्ली की 7 सीटें, मध्य प्रदेश की 8, पश्चिम बंगाल की 8, बिहार की 8 और झारखंड की 4 सीटों पर मतदान हुआ है। चुनाव आयोग ने छठे चरण के मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर रविवार को 62.27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसमें सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 80.16 फीसदी और सबसे कम उत्तर प्रदेश में 54.24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के वोटर टर्नआउट एप के मुताबिक, बिहार में 59.29, हरियाणा में 65.48, मध्य प्रदेश में 62.06, झारखंड में 64.50 और दिल्ली में 58.01 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
छठे चरण के मतदान में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत कई दिग्गजों ने वोट डाला। अब शेष एक चरण में 59 सीटों के लिए 19 मई को मतदान होगा। इस चरण में केंद्रीय मंत्री राधामोहनसिंह, हर्षवर्धन सिंह, मेनका गांधी, नरेंद्र सिंह तोमर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता शीला दीक्षित दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला होगा।
इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और बिहार की आठ-आठ, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में 4.75 करोड़ महिलाओं सहित 10.17 करोड़ मतदाता कुल 989 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे और इसके लिए 1.13 लाख मतदान केंद्र बनाए गए।
दिल्ली में सात सीटों पर 164 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां 1.43 करोड़ मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। उत्तर प्रदेश में कुल 2.53 करोड़ मतदाता 14 महिलाओं सहित 177 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए कुल 16998 मतदान केंद्र और 29076 मतदान बूथ बनाए गए हैं।
भाजपा ने यहां से 14, कांग्रेस ने 11, सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के तहत बसपा ने 11 और सपा ने तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
उत्तर प्रदेश में पूर्वाचल की 14 सीटों पर मतदान हुआ जिसमें सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही शामिल हैं। इनमें से आजमगढ़, सुलतानपुर, फूलपुर और प्रयागराज पर देश की नजरें हैं।
बिहार में आठ लोकसभा सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। वाल्मीकिनगर, गोपालगंज, सीवान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, महाराजगंज और वैशाली सीट पर वोटिंग की गई। इस चरण में यहां 16 महिलाओं सहित 127 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस तरह 543 सदस्यीय लोकसभा की 484 सीटों के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया। बाकी बची 59 सीटों के लिए अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होगा। मतगणना 23 मई को होगी।