केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर जम कर हमला बोला

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 


 


 


भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर जम कर हमला बोला। नितिन गडकरी ने कहा कि पार्टी का इतिहास अन्याय का है। उन्होंने कांग्रेस की न्याय योजना पर तंज कसते हुए कहा कि न्याय की बात वही कर सकता है जिसके पास विश्वसनीयता है और कांग्रेस के पास ऐसा कुछ नहीं है।

गुरूवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर जम कर हमला बोला। कांग्रेस की गरीबी हटाओ योजना का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटी, इसके बाद इंदिरा जी ने 1971 में यह नारा फिर दिया, उसके बाद राजीव गांधी ने दिया और फिर सोनिया-मनमोहन ने दिया। अब पंडित जी के नाती यह नारा दिया लेकिन गरीबी है कि हटी ही नहीं। अब राहुल गांधी 72,000 रुपए देकर गरीबी हटाने की बात कर रहे हैं। लेकिन सभी जानते हैं कि कांग्रेस का इतिहास अन्याय का इतिहास है। 

उन्होंने कहा कि न्याय की बात करने वाली पार्टी ने 1984 के दंगा पीड़ितों के साथ कोई न्याय नहीं किया। दंगे के आरोपियों पर कोई कदम नहीं उठाया गया। उलटे दंगा करने वालों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने पूछा. क्या यह न्याय है? 

प्रधान मंत्री के विरुद्ध कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले अपशब्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में चर्चा का स्तर कांग्रेस वाले बहुत नीचे ले गए हैं। गड़करी ने कहा कि विपक्ष निराश है और वह अपनी हार देख रहा है। इसलिए हताशा में कांग्रेस तथा उसके सहयोगी ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। गडकरी ने कांग्रेस की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी ने यह तय कर लिया है कि वह हर बात को चुनौती देंगे।