मुख्यमंत्री ने कहा- अमेरिका दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र, उत्तर प्रदेश देश का सबसे सबसे बड़ा लोकतंत्र

 



 


 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के गर्वनेंस सिस्टम और चुनौतियों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सवाल किए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया का सबसे पुराना लोकतंत्र है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा अमेरिकी दूतावास ने भारत और अमेरिका के छात्रों, शिक्षाविदों, प्रोफेशनल्स और नीति निर्माताओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान का सफलतापूर्वक क्रियान्यवन किया है। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में आयोजित हुए कुंभ 2019 के सफल होने के मंत्रों को भी साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा भारत की जीवंत संस्कृति को समझने में आप लोगों का सहायक बनेगी। भारत और अमेरिका के रिश्तों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यवसायिक सम्बंध भी काफी अच्छे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेक्रेट्री ऑफ स्टेट के तौर पर श्री पोम्पेओ कहते हैं कि अच्छे दोस्त असहमत हो सकते हैं, लेकिन इसे हम सभी स्वीकार करते हैं कि दोनों देश एक दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। भारत और अमेरिका एक अच्छे मित्र है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बारे में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी और कहा कि शासन के दृष्टिकोण से उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है जहां 75 जिले और 18 मंडल,832 विकास खंड और 60 हजार ग्राम पंचायत हैं। उन्होंने कहा कि बड़ा राज्य होने के नाते सबसे बड़ा मार्केट भी उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश सरकार ने यहां के लोगों में खुशहाली लाने के लिए भरपूर प्रयास किए हैं और कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणनीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की वजह से आज हर आम जनमानस तक हमारी सरकार की योजनाएं पहुंच चुकी है और यही कारण है कि आज उसके जीवन में व्यापक सुधार आया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी एक बार फिर देश और प्रदेश की जनता ने मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री चुना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। यही कारण है कि आज प्रदेश की जनता खुशहाल है। आज उत्तर प्रदेश अपनी इच्छा शक्ति से कानून-व्यवस्था का नजीर बना है। उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में टेक्नॉलोजी का उपयोग किया। इसी टेक्नॉलोजी की वजह से हमने करप्शन पर नियंत्रण करने में सफलता प्राप्त की। हेल्थ, एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में हमारी सरकार ने पिछले दो सालों में अभूतपूर्व कार्य किए। मदरसों की शिक्षा में आधुनिकरण सुनिश्चित की। गणित, साइंस को जरुरी किया। राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय और हम सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है।
प्रयागराज में आयोजित कुंभ को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों की ही वजह से कुंभ को यूनेस्को ने विश्व की सांस्कृतिक धरोहरों में शामिल किया है। 45 दिन चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में 24 करोड़ श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इतनी बड़ी संख्या के आने के बाद भी पूरे कुंभ क्षेत्र में गंदगी और असुरक्षा का कोई माहौल नहीं था। कुंभ में टेक्नॉलोजी का भरपूर उपयोग किया और श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने के लिए हमारी सरकार सफल रही।