हथियार के बल पर लूटने वाले गिरोह के 4 अपराधियों को बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 



 


राजधानी की दिल्ली पुलिस ने खूंखार अपराधियों पर लगाम लगते हुए एक बडी सफलता हासिल की है। इस सफलता में दिल्ली पुलिस ने ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो हथियार के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम दिया करते थे। यह बडी सफलता दिल्ली पुलिस की बाहरी उत्तरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ को मिली है।


राजधानी दिल्ली में हो रही लूटपाट की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बडी सफलता हासिल करते हुए 4 खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दिल्ली में हथियार के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया करता था। इनके पास से लूट की कुछ रकम, एक डोगा बंदूक तथा एक देसी पिस्तौल, 6 जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाईकिल भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल यह लूट के समय किया करते थे। यह बदमाश आमतौर पर उस समय किसी व्यापारी, उद्योगपति या दुकानदार को अपना निशाना बनाते थे, जब वह या तो अपने घर जा रहा होता था, या फिर बैंक में।


दिल्ली पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार यह बदमाश दिल्ली के बवाना औद्योगिक इलाके में लूट की कई वारदातों को अंजाम दे चुके थे। इस मामले की गंभीरता से देखते हुए बाहरी उत्तरी जिला के डीसीपी गौरव शर्मा के द्वारा स्पेशल स्टाफ की एक विशेष टीम गठित की गई। जिसके बाद टीम ने एक गुप्त जानकारी के आधार पर इन बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे एक उद्योगपति को लूटने की नियत से बवाना औद्योगिक इलाके में इकट्ठा हुए थे। पकड़े गये बदमाशों में उनका नाबालिग साथी भी शामिल है।


डीसीपी गौरव शर्मा ने बताया कि इन बदमाशों का मुख्य उद्देश्य केवल नकदी लूटना होता था, जिसके लिए यह बदमाश हथियारों का भी प्रयोग करते थे। ये बदमाश अधिकतर हथियार दिखाकर सामने वाले के अंदर भय पैदा कर उनके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया करते थे। डीसीपी गौरव शर्मा के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी से लूट की कई वारदातों का खुलासा हुआ है।


बहरहाल यह बदमाश अब दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है, और इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस को इनसे अभी और भी वारदातों के खुलासे उम्मीद है।