जे पी नड्डा ने पुनः हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 



 


भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अंबाला में शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं पालकों के बैठक को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से एक बार पुनः हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य साधते हुए मिशन 70 को सफल बनाने का आह्वान किया। इससे पहले कार्यकारी अध्यक्ष अंबाला में ही शहीद मेजर अमित आहूजा के घर गए और उनके परिजनों से मुलाक़ात की। ज्ञात हो कि नड्डा एकदिवसीय प्रवास पर हरियाणा में हैं।


कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकारी देश की पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज जी और पूर्व वित्त एवं रक्षा मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली जी के असामयिक निधन पर पुण्यात्माओं को नमन करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी इन दोनों यशस्वी मनीषियों की कमी लंबे समय तक महसूस करेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और हमें उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का साहस प्रदान करें, ऐसी मेरी कामना है। उन्होंने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रसिद्ध किसान नेता सर छोटू राम और हरियाणा केसरी डॉ मंगल सेन के कृतित्व का भी स्मरण किया और उन्हें अपने सादर सुमन अर्पित किये।


नड्डा ने कहा कि राजनीति में कार्यकर्ता दो उद्देश्यों के साथ आते हैं - पहला उद्देश्य यह कि विचारधारा आगे बढ़े और इस विचारधारा के आधार पर समाज का सृजन हो और दूसरी बात कि हमें चुनावी राजनीति में विजयश्री मिले, सफलता मिले। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी में तीन तरीकों बाय चॉइस, बाय चांस और बाय एक्सीडेंट के जरिये आते हैं लेकिन मेरा स्पष्ट मानना है कि आप भले ही जिस किसी भी माध्यम से आप भारतीय जनता पार्टी में आये हैं लेकिन आप भाग्यशाली हैं कि आप सही पार्टी में आये हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 11 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी तो पहले ही बन चुकी है, अब वर्तमान सदस्यता अभियान के तहत लगभग साढ़े चार करोड़ और सदस्य भाजपा परिवार में शामिल हो चुके हैं। इतने बड़े संगठन में यदि हमें काम करने का अवसर मिला है तो हम निस्संदेह भाग्यशाली हैं। हमें जी-जान से जुटकर अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के स्वप्न को साकार करना है।


विपक्षी पार्टियों पर हमलावर होते हुए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि देश में हजारों राजनीतिक पार्टियां हैं लेकिन सब के सब का आधार या तो परिवारवाद है, या जातिवाद लेकिन भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा राजीतिक दल है जो कार्यकर्तावाद की परंपरा के आधार पर आगे बढ़ा है। हमारे लिए कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जैसे तमाम पार्टी कार्यकर्ता इसके उदाहरण हैं जो गरीब और साधारण परिवारों से निकल कर राष्ट्र के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव नजदीक आ गए हैं, अब हमें बूथ पर ध्यान केन्द्रित करना है और बूथ के लिए दिए गए कार्यों को पूरा करना है। यदि हम इन कार्यों को पूरा करते हैं तो सफलता निश्चित है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप और हम कार्यकर्ता भी हैं और नेता भी। आप यदि अपने आस-पास के वातावरण से प्रभावित हो गए तो फॉलोअर हैं लेकिन यदि वातावरण को प्रभावित करते हैं तो आप लीडर हैं। हमें दूसरे के प्रभाव में आये बिना अपने विषय पर सबको साथ लाना है।