5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का सपना मोदी सरकार का एक और नया जुमला है- सुभाष चौपड़ा

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 



 


आर्थिक मंदी और तालाबंदी से बर्बाद हुई अर्थव्यवस्था के लिए जिम्मेदार केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल आज दूसरे दिन भी जारी रहा। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा की अगुवाई में दक्षिणी दिल्ली के महरौली व बदरपुर जिला कांग्रेस कमेटियों में आयोजित अलग-अलग आक्रोश रैलियों व धरने प्रदर्शनां में भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। मंहगाई व आर्थिक मंदी से त्रस्त गुस्साई महिलाओं ने भाजपा व मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने कांग्रेस नेताओं को तलवार भी भेट की।


रैलियों को चौपड़ा के अलावा पूर्व सांसद कीर्ति आजाद, रमेश कुमार, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा, जगप्रवेश कुमार, पूर्व महापौर सतबीर सिंह, पूर्व विधायक पं0 टेक चन्द शर्मा, बलराम तंवर, अरविन्दर लवली, ने मौजूद लोगों को सम्बोधित किया। रैलियों की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेश चौहान और विष्णु अग्रवाल कर रहे थे।


पूरे महरौली व बदरपुर क्षेत्र को तिरंगे झंडों से पाट दिया गया था, इसके अलावा सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता जोरदार नारेबाजी करते हुए रैली स्थल पर पहुच रहे थे। समस्त क्षेत्र कांग्रेसमय हो गया था।


सुभाष चौपड़ा ने इस मौके पर कहा कि मोदी सरकार का 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का सपना केवल जुमला है। उन्होंने कहा कि देश की चौपट अर्थव्यवस्था की चपेट में न केवल गरीब आदमी आया है बल्कि मध्यम वर्ग व किसानों की भी बुरी हालत है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से मोदी मित्र मालामाल हुए है वही देश की आम जनता कंगाल हो गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जुमलों से गरीब आदमी का पेट भरना चाहती है, जो पूरी तरह जले पर नमक छिड़कने के समान है।


सुभाष चौपड़ा व कीर्ति आजाद ने कहा कि जीएसटी की दरों ने गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड कर रख दी है। दोनो ने कहा कि देश के आम आदमी की खरीदारी की क्षमता शून्य के करीब पहुॅच गई है। वहीं दूसरी ओर कमरतोड़ मंहगाई से सब्जियां भी अछूती नही है।  दोनों नेताओ ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि अब समय आ गया है कि जब जनता मोदी सरकार से अपना हिसाब किताब चुकता करेगी।


चौपड़ा व आजाद ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली सरकार केवल विज्ञापनों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल के झूठे प्रचार व खोखले वायदों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि आज राजधानी में समस्याओं का अम्बार है और दिल्ली में बेरोजगारी की समस्या अपने चरम पर है।


रमेश कुमार व मुकेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली की अनाधिकृत कालोनियों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनो ही जनता को गुमराह कर रहे है। जबकि सच यह है कि आज दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख दोनों पार्टियां द्वारा इन कॉलोनियों के लोगों को गुमराह करने के केवल तरीके खोजे जा रहे है। दोनो नेताओं ने पूछा कि पिछले पांच साल से दिल्ली व केन्द्र सरकार को इन कॉलोनियों की याद क्यों नही आई?


जगप्रवेश कुमार व सतबीर सिंह ने केन्द्र की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज आर्थिक मंदी के चलते गरीब आदमी अपने घरों को गिरवी रख रहे है और लोगों को रोटी खाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा ह ै। मुकेश शर्मा ने घोषणा की कि आर्थिक मंदी के खिलाफ हल्ला बोल अभियान जारी रहेगा।  उहोने कहा कि अलग-अलग तरीके से पूरी दिल्ली में कांग्रेस दोनो सरकारों के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी और तीसरे चरण में पश्चिमी दिल्ली में कांग्रेस की बडी जनसभा होगी। शर्मा ने यह भी कहा कि अगले दो दिन पार्टी स्व0 इंदिरा गाधी जी के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित करेगी।