आईआईएसएफ 2019 में विज्ञानिका विज्ञान साहित्य कार्यक्रम का प्रदर्शन करेगी

 


 



 


कोलकाता में मंगलवार 5 नवंबर से शुरू होने वाले 5वें भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) के दौरान विज्ञानिका विज्ञान संचार के प्रयासों और अवधारणाओं को नाटक, कविता, पैनल चर्चा और पेपर प्रस्तुतियों के माध्‍यम से प्रदर्शित करेगी। 5 से 7 नवंबर तक आयोजित होने वाली विज्ञानिका में विज्ञान पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें 30 से अधिक प्रतिष्ठित प्रकाशक भाग लेंगे।


विज्ञानिका का आयोजन सीएसआईआर-राष्‍ट्रीय विज्ञान संचार संस्‍थान एवं सूचना संसाधन विज्ञान प्रसार और विज्ञान भारती की मदद से किया जा रहा है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रो.आशुतोष शर्मा मुख्य भाषण देंगे और सीएसआईआर के महानिदेशक एवं डीएसआईआर के सचिव डॉ शेखर सी मांडे उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करेंगे।


विज्ञान मंथन,  विज्ञान मंचन (नाटक और कविता), विज्ञान स्पंदन (वैज्ञानिक सत्र) और विज्ञान प्रकाशन (पुस्तक मेला) के 16 से अधिक सत्रों में फैले  विज्ञानिक में देश भर से आने वाले 200 से अधिक प्रतिनिधियों को भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, वियतनाम और नेपाल के लगभग 75 प्रख्यात विज्ञान संचारक, लेखक, शोधकर्ता और विज्ञान पत्रकार संबोधित करेंगे।


विज्ञान मंथन में खुशहाली का विज्ञान, समकालीन विज्ञान साहित्य: एक परिप्रेक्ष्य, भारतीय भाषाओं में विज्ञान संचार और लोगों तक विज्ञान को ले जाना - चुनौतियां और समाधान विषयों पर चार पैनल चर्चा होगी। पैनल चर्चा में 27 विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। विज्ञान स्पंदन में विज्ञान संचार - अभिनव दृष्टिकोण विषय पर दो वैज्ञानिक सत्र आयोजित होंगे जिसके दौरान शोधकर्ताओं एवं वैज्ञानिकों द्वारा चौदह शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।


देश में विज्ञान संचार की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों एवं समाधानों पर चर्चा के अलावा, अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान साहित्य उत्सव में इस बार विज्ञान संचार मीडिया के माध्‍यम से विज्ञान कविता (विज्ञान कवि सम्मेलन), आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रे पर  विज्ञान नाटक और एक विज्ञान मैजिक शो दिखाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों का विज्ञान संचार पर गैर पारंपरिक तरीकों के माध्‍यम से मनोरंजन एवं उन्‍हें शिक्षित किया जाएगा।  


विज्ञानिका के दौरान एक विज्ञान वाद-विवाद प्रतियोगिता और एक विज्ञान कार्टून प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।


अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान पुस्तक मेला (विज्ञान प्रकाशन) में 30 प्रकाशक और शोध संस्थान अपने विज्ञान और प्रौद्योगिकी प्रकाशन का प्रदर्शन करेंगे। पुस्‍तक मेले में पुस्तक विमोचन के साथ ही लेखकों के साथ मिलना-जुलना भी होगा। पुस्तक मेले में छह विज्ञान पुस्तकों का  विमोचन किया जाएगा। विज्ञानिका का समापन 7 नवंबर को एक गोलमेज चर्चा के साथ होगा।