डेंगू अभियान पर केजरीवाल बोले, मुझे गर्व है दिल्ली पर

 


 



 


डेंगू के खिलाफ महाअभियान के 10वें रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने '10 हफ्ते-10 बजे-10 मिनट अभियान' के तहत घर में साफ पानी की जांच की। उन्होंने घर में जमा साफ पानी को बदला। साथ ही दिल्ली के लोगों को इस सफल अभियान के समापन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दुनिया के 100 देशों में डेंगू का प्रकोप है। किसी को समझ नहीं आ रहा था, क्या किया जाए। ऐसे में दिल्ली ने इस महाअभियान के जरिए पूरी दुनिया को राह दिखाई है। उन्होंने यह भी कहा कि इस महाअभियान के कारण इस साल अभी तक दिल्ली में डेंगू के सिर्फ 1100 मामले ही सामने आए हैं।


इस अभियान के समापन पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। आज से 10 हफ्ते पहले हम सब लोगों ने मिलकर यह कैंपेन शुरू किया था, आज दसवां हफ्ता है, जब हमें अपने घर की चेकिंग करनी है। यह मुझे कहते दिल्ली के लोगों पर गर्व हो रहा है कि हम लोगों ने सबने मिलकर डेंगू पर लड़ाई जीत ली है। 2015 में 15 हजार से ज्यादा केस थे, 60 लोगों की मौत हुई थी। इस साल पिछले हफ्ते तक 1100 से भी कम केस हैं। एक भी मौत नहीं हुई है। यह सब आप लोगों के कमाल की वजह से हुआ है। इतने बड़े स्तर के ऊपर लोगों ने हिस्सा लिया। अन्यथा डेंगू की लड़ाई हम जीत नहीं सकते थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यह आंदोलन न बनता, दिल्ली के लोगों ने हिस्सा न लिया होता। इसमें बहुत से सेलिब्रिटी, फेमस लोगों ने, फिल्म के लोगों ने, खिलाड़ियों ने पत्रकारों ने आम लोगों ने इतना बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। स्पोर्ट किया, आशीर्वाद दिया। दिल्ली के बाहर रह रहे लोगों ने शुभकामनाएं दी। आज उन सब लोगों का मैं दिल्ली के लोगों की ओर से शुक्रिया अदा करता हूं। दिल्ली के बाहर रह रहे लोगों ने कहा काश हम लोग दिल्ली में रह रहे होते। देश के अन्य हिस्सों में डेंगू फैला हुआ है, वहां के लोगों ने कहा काश हमारे यहां भी इस तरह की कैंपेन हुई होती। दिल्ली ने रास्ता दिखाया है। अब देश में ही नहीं पूरी दुनिया में दिल्ली के दिखाए रास्ते के आधार पर डेंगू के खिलाफ कैंपेन चलेगी। आज दुनिया के सौ देशों में डेंगू फैला हुआ है, जिन्हें दिल्ली के लोगों ने राह दिखाई है। मुझे दिल्ली के लोगों पर गर्व है।


मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से डाक्टरों ने आशंका जताई थी कि इस साल डेंगू के मच्छर ज्यादा पांव पसार सकते हैं। इसी कारण इस साल यह महा अभियान प्रारंभ किया गया। जिसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घर-घर जाकर साफ पानी की जांच के लिए लोगों को प्रेरित किए। इसी का नतीजा है कि डेंगू के मामले में बेहद कमी आई ।


दस हफ्ते, दस बजे दस मिनट अभियान को तमाम सेलिब्रिटी का भी सहयोग मिला है। साथ ही एलजी ने भी दिल्ली विकास प्राधिकरण और दिल्ली पुलिस को इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। कई सेलिब्रिटी इस अभियान के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सराहना कर चुके हैं।