केंद्रीय मंत्री ने कहा, मनोज तिवारी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद ही करेंगे आराम

 


 



 


अगले साल के शुरुआती महीनों में दिल्ली विधानसभा के चुनाव होने हैं। यहां फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और मुख्यमंत्री का जिम्मा अरविंद केजरीवाल के पास है। आगामी चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। रविवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में ही लड़ेगी।


उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली विधानसभा का चुनाव मनोज तिवारी के नेतृत्व में ही लड़ेगी। हम उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के बाद ही आराम करेंगे। पुरी ने जब यह बात कही तो खुद मनोज तिवारी व राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन मंच पर मौजूद थे। इसके अलावा पुरी ने दिल्ली में पीने के पानी की गुणवत्ता वाले सियासी मसले पर भी विचार व्यक्त किए।


पुरी ने कहा कि केजरीवाल कह रहे हैं कि दिल्ली का पानी इतना खराब नहीं है। अरे भाई, अगर खराब नहीं है तो एक लीटर पीकर दिखा दो पता लग जाएगा खराब है कि नहीं है। पुरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भाजपा के सह-चुनाव प्रभारी हैं। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को राज्य का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।