पूर्व कृषि मंत्री का हमलावर 5 साल बाद गिरफ्तार

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 



 


दिल्ली पुलिस ने पांच साल से फरार एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश का नाम हरविंदर सिंह उर्फ अरविंदर सिंह है। हरविंदर पर आरोप है कि उसने सन 2011 में पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के ऊपर दिल्ली में हमला किया था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन बाद में वह फरार हो गया। करीब पांच साल बाद आरोपी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।


डीसीपी ईश सिंघल ने बुधवार को बताया कि अरविंदर सिंह (36) दिल्ली के सरुप नगर इलाके का रहने वाला है। उसे मंगलवार को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। हमला करने के मामले में उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। अरविंदर पर पहला मामला एफआईआर नंबर 209 पर सन 2011 नई दिल्ली जिले के ही कनाट प्लेस थाने में दर्ज हुआ था।


जबकि दूसरा मामला नई दिल्ली जिले के संसद मार्ग थाने में एफआईआर नंबर 112/12 पर जान से मारने की धमकी आदि देने की धाराओं में दर्ज किया गया था। दोनों ही मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी की कोई उम्मीद न देखते हुए अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।


पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर 2011 को कनाट प्लेस थाने में दर्ज मामले के मुताबिक आरोपी ने उस समय केंद्रीय कृषि मंत्री रहे शरद पवार के ऊपर हमला बोल दिया था। साथ ही उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। केंद्रीय कृषि मंत्री पर हमले की घटना को नई दिल्ली नगर पालिक परिषद के कन्वेंशन हॉल में अंजाम दिया गया था।


पवार पर हमले के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था। कोर्ट में केस-ट्रायल के दौरान आरोपी फरार हो गया। इसीलिए 29 मार्च, 2014 को पटियाला हाउस अदालत की महानगर दंडाधिकारी कुमारी प्रगति ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। डीसीपी ईश सिंघल ने कहा, आरोपी पर दूसरा मामला नई दिल्ली जिले के ही संसद मार्ग थाने में दर्ज था।