दिल्ली अग्निकांड : सोनिया गांधी स्तब्ध, सहायता के लिए की अपील

 


 



 


कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी की अनाज मंडी में एक कारखाने में रविवार अल सुबह लगी भीषण आग पर हैरानी जताई है। ज्ञात हो कि इस दुर्घटना में कम से कम 43 लोगों की जान जा चुकी है। कांग्रेस द्वारा जारी किए गए बयान के अनुसार, सोनिया ने हताहतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।


उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि अधिकारी अन्य लोगों की जान बचा लेंगे और घायलों को तत्काल उपचार सुविधा दी जाएगी। उन्होंने भाजपा की केंद्रीय सरकार और आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार के अधिकारियों से पीडि़तों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।


इसके साथ ही पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष ने कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बचाव और राहत कार्यों में अधिकारियों की मदद करने का भी निर्देश दिया है। इस बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। देश के दोनों प्रमुखों ने ट्वीट करके इसमें घायल हुए लोगों के ठीक होने की प्रार्थनाएं की हैं।


राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली की अनाज मंडी में आग लगने की भयंकर घटना के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीडि़तों के परिवार के साथ है। घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं। स्थानीय अधिकारी लोगों को बचाने और उन्हें सहायता प्रदान करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।


प्रधानमंत्री ने इस हादसे को बेहद भयावह बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, इस घटना में जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया है उनके प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। अधिकारी घटना स्थल पर हर संभावित सहायता प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को दुखद बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकार की सहायता मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए हैं। शाह ने ट्वीट किया, नई दिल्ली में अग्निकांड में कीमती जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। उन लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाए हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं।


संबंधित अधिकारियों को तत्काल आधार पर सभी संभावित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, दिल्ली की अनाज मंडी में लगी भीषण आग कई लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और वे जो घायल हो गए हैं उनके शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं।