भाजपा दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए समाज को बांटने वाली भाषा का प्रयोग कर लोगों में डर पैदा कर रहे हैं - सुभाष चोपड़ा

 


 



 


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने जामिया में नागरिक संशोधन विधेयक के खिलाफ शांति पूर्ण तरीके से विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस की मौजूदगी में एक युवक द्वारा गोली चलाने के प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है, इसी दिन शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे लोगों पर एक युवक द्वारा गोली चलाये जाने से साफ जाहिर होता है कि जिस प्रकार देश को बांटने वाली ताकतों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या की थी, यह प्रकरण उसी सोच की पुनरावृति है।


मुस्तफाबाद विधानसभा के कांग्रेस उम्मीदवार अली मेंहदी के चुनाव प्रचार के लिए में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब भाजपा के केन्द्रीय मंत्री वोट की राजनीति के तहत लोगों में डर पैदा करने वाले भाषण देकर लोगां को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में एक युवक का गोली चलाना साफ कर देता है वह युवक कहीं न कहीं भाजपा नेताओं के दवाब में उकसाया हुआ नजर आता है। इस मौके पर पूर्व विधायक हसन अहमद भी मौजूद थे।


चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में इस चुनावी माहौल में दिल्ली के लोग डरे और सहमें हुए हैं क्योंकि भाजपा के नेता दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए समाज को बांटने वाली भाषा का प्रयोग करते हुए लोगों में डर पैदा कर रहे हैं।  


चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में कहीं तो निहत्थे छात्रों को लाईब्रेरी में घुसकर पुलिस द्वारा पीटा जाता है और पुलिस की मौजूगी में युवक खुले में पिस्तोल लहराते हुए निहत्थे लोगों पर गोली चलाता है और पुलिस तमाशबीन बनकर सब कुछ देखती है। दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है। इसलिए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दिल्ली में कानूनी व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए।



दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अनिल भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नही है। सत्ताधारी दलों द्वारा अपने राजनैतिक हित साधने के लिए दिल्ली में साम्प्रदायिक नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, दिल्ली का आम नागरिक चुनाव के इस समय में भयभीत है। दुनियां में शांति-अहिंसा का पैगाम देने वाले राष्ट्रपित महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर हिंसा शर्मनाक है। कांग्रेस पार्टी इसका सख्त और घोर विरोध करती है। इस तरह की राजनीति करने वालों को दिल्ली की जनता 8 फरवरी को सबक सिखाऐगी।