छह दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव भारत पर्व का रंगारंग समापन

 


 



 


भारत पर्व का समापन लाल किले में पर्यटन सचिव योगेन्द्र त्रिपाठी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। भारत पर्व का आयोजन पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने नई दिल्ली में लाल किला में 26 से 31 जनवरी, 2020 तक किया था। इस अवसर पर योगेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि इन 6 दिनों में 2 लाख से अधिक लोगों ने भारत का आनंद लिया और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत'  की सच्ची भावना के साक्षी बने।


भारत पर्व का उद्देश्य भारतीय नागरिकों को भारत के विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करना और उनमें देखो अपना देश की भावना का संचार करना था। भारत पर्व के दौरान 50 से अधिक फूड स्टॉल, 79 हस्तशिल्प / हैंडलूम स्टॉल और 27 थीम पवेलियन की स्थापना की गई थी। इस वर्ष के भारत पर्व की मुख्य विषय-वस्तु एक भारत श्रेष्ठ भारत और महात्मा गांधी के 150 वर्ष पूरे होने का समारोह है।


इस वर्ष के प्रमुख आकर्षणों में गणतंत्र दिवस परेड की मनोरम झांकी का प्रदर्शन, सशस्त्र सेना बैंड द्वारा प्रदर्शन, राज्य सरकारों/ संघ शासित प्रदेशों और तदनुरूप मंत्रालयों द्वारा पर्यटन थीम मंडप, राज्य सरकारों/ संघ शासित प्रदेशों के प्रशासकों, हस्तकला/ हस्तशिल्प/ ट्रिफेड आयोग द्वारा हस्तकला और हस्तशिल्प स्टालों, राज्य सरकारों, होटल प्रबंधन संस्थान और अन्य संगठनों द्वारा फूड कोर्ट, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेड़सीसी) और राज्य सरकारों/ संघ शासित प्रदेशों के प्रशासनों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन और राज्य सरकारों तथा होटल प्रबंधन संस्थान द्वारा पाक कला प्रदर्शन शामिल थे।