शाहीन बाग के नाम पर मुख्य मुददों से ध्यान भटका रही हैं आप और भाजपा : सुभाष चोपड़ा

रिपोर्ट : अजीत कुमार


 



 


दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने शाहीन बाग की राजनीति करने पर भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियां इस मुददे को हवा देकर वोटों का ध्रुवीकरण करने की नाकाम कोशिश कर रही हैं। साथ ही इसके जरिए यह दोनों पार्टियां दिल्लीवासियों का ध्यान मुख्य मुददों से भटकाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके नापाक इरादों को कभी पूरा नहीं होने देगी।


चोपड़ा बुधवार को कालकाजी विधानसभा क्षेत्र की पार्टी उम्मीदवार शिवानी चोपड़ा के प्रचार के दौरान मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लचर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, टूटी सड़कें, बढ़ता प्रदूषण, चढ़ता अपराध ग्राफ और गंदे पानी की जलापूर्ति जैसे अनेक ज्वलंत मुददे हैं, लेकिन आप और भाजपा उन पर बात न करके अन्य मुददों पर मतदाताओं को भ्रमित करने में लगे हुए हैं।


चोपड़ा ने कहा कि शाहीन बाग का मुद्दा काफी संवेदनशील है, लेकिन दुखद यह है कि केंद्र और दिल्ली सरकार इस मुद्दे के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई हैं। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है। सीएए और एनआरसी के मसले पर भी प्रतिकात्मक विरोध ही हो रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और यहां तक की महिलाएं भी धरने पर बैठी हुई हैं, लेकिन हैरत की बात है कि सरकार की तरफ से इनको लावारिस छोड़ दिया गया है। न तो कोई इनसे बात कर रहा है और न ही कोई आश्वासन दे रहा है। ऐसा लगने लगा है कि भारत में लोकतंत्र नहीं बल्कि तानाशाही राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को चाहिए कि तुरंत इन प्रदर्शनकारियों की सुध ले, वहीं केंद्र सरकार को चाहिए कि इन प्रदर्शनकारियों से जाकर बात करें। उनके जो सवाल हैं, उनका समाधान करें। बातचीत सबसे जरूरी है और उसी के जरिए समस्या को सुलझाया जा सकता है।